अमेेेेठी दौरे के दूसरे दिन सलोन विधानसभा में प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर किया कटाक्ष।
अमेठी, जासं । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने बुधवार को अपने भाई व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के समर्थन में कई नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। वहीं मीडिया से बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि यूपी में भाजपा को बड़ा झटका लगने वाला है। कई सीटों पर भाजपा की हार तय करने के लिए उन्होंने वोट काटने वाले प्रत्याशी खड़े किए हैं।
कांग्रेस यूपी में गठबंधन के वोटों को नहीं काट रही है, जिन सीटों पर कांग्रेस मजबूत है और हमारे उम्मीदवार कड़ी टक्कर दे रहे हैं वहां कांग्रेस जीतेगी। जहां हमारे उम्मीदवार थोड़े हल्के हैं, वहां हमने ऐसे उम्मीदवार दिए हैं जो भाजपा का वोट काटें। पीएम पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि मोदी जनता को मजबूत करने के बजाय खुद को मजबूत करने में लगे हुए हैं। वो भी आपको दबा कर, ताकि आप इनसे सवाल न कर पाओ।
उन्होंने कहा कि कोई उनकी आलोचना करता है तो उसे बंद करवा देते हैं। राजनीतिक शक्ति वह होती है जो जनता का आदर, सम्मान करे। उन्होंने कहा कि हम यहां आते हैं तो जनता से बात करते हैं। यहां की जनता को किसी ने गुमराह नहीं किया है, जिसने काम किया है जनता उसे ही वोट देती है।
प्रियंका वाड्रा ने वाराणसी से चुनावी मैदान में नहीं उतरने पर सफाई देते हुए कहा कि उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करना है। अगर मैं वाराणसी से चुनाव लड़ती तो वह लड़ाई एक सीट तक ही सीमित रहती और पार्टी के लिए काम न कर पाती। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बहुत काम करना है। हमें उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराना है और कांग्रेस को मजबूत करना है।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments