शानू राम जैन
कोंडागांव
26 अतिवृष्टि प्रभावितों को राहत राशि, ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ
केशकाल। /// सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत रविवार को केशकाल विकासखंड के ग्राम बेड़मा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से एक माह तक आम नागरिकों की मांगों, शिकायतों और समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से ग्रामीणों से निरंतर संपर्क बनाए रखने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत देश के विकास के संकल्प के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से हुई है। अभियान के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित विभिन्न स्तरों पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चार गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी प्रदान की गई तथा चार बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। समाज कल्याण विभाग ने 20 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। राजस्व विभाग द्वारा अतिवृष्टि से प्रभावित 26 लोगों को राहत एवं मुआवजा राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा पांच निवास प्रमाण पत्र, आठ जाति प्रमाण पत्र, 17 स्थायी जाति प्रमाण पत्र और 13 स्वामित्व पत्र वितरित किए गए। 38 डिजिटल किसान किताब तथा 10 बी-1 खसरा भी उपलब्ध कराए गए। एक व्यक्ति को पटेल नियुक्ति का आदेश प्रदान किया गया।
मत्स्य विभाग ने छह हितग्राहियों को मछली बीज, दो जाल, दो मेडिसिन और एक आइस बॉक्स प्रदान किया। उद्यानिकी विभाग ने 20 हितग्राहियों को पौधे वितरित किए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग ने 15 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, दो को जन्म प्रमाण पत्र और दो को पोषण आहार प्रदान किया। श्रम विभाग द्वारा 10 व्यक्तियों का श्रम पंजीयन किया गया तथा विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत तीन हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम आकांक्षा नायक, तहसीलदार गणेश सिदार, जनपद पंचायत सीईओ अनुराग सिन्हा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments