संवाददाता,,,कोण्डागांव
जस गीत, लोकगीत और झांकियों ने मोहा दर्शकों का मन, नशामुक्ति का दिया संदेश
कोण्डागांव। ग्राम दहीकोंगा में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला-संस्कृति और बस्तर के पारंपरिक लोकरंग का अद्भुत संगम देखने को मिला। बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप के कलाकारों ने जस गीत, छत्तीसगढ़ी लोकगीत एवं आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति देकर देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
कार्यक्रम की शुरुआत भक्तिमय जस गीतों से हुई। इसके बाद बस्तर की पारंपरिक कला, संस्कृति और लोकजीवन पर आधारित मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। लोक गायक सिद्धार्थ महाजन एवं उनकी टीम ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार संगीत से ऐसा समां बांधा कि पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी एवं बस्तरिया गीतों पर ग्रामीण दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम में बस्तर की विलुप्त होती पारंपरिक लोक कलाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसकी ग्रामीणों एवं अतिथियों ने सराहना की।
इस अवसर पर सिद्धार्थ महाजन एवं उनकी संस्था द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। आयोजन ने मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments