प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी सीट से अपना नामांकन दाखिल किया. इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग ऐसा माहौल बनाने लगे कि मोदी जी तो जीत गए हैं, इसलिए मतदान न भी करो तो भी चलेगा. मैं मतदाताओं से कहना चाहूंगा कि ऐसे लोगों की बातों में मत आइए. मतदान आपका अधिकार है, इसलिए मतदान अवश्य करें.
पीएम मोदी ने कहा कि मैं सभी मतदाताओं से प्रार्थना करूंगा कि जहां-जहां चुनाव बाकी है, सभी चरण में शांतिपूर्ण तरीके से लोकतंत्र के उत्सव में मतदान करें. उन्होंने कहा कि भारत के उज्जवल भविष्य के लिए बाबा की नगरी के सभी मतदाता कृत संकल्पित हैं. मां गंगा के आशीर्वाद से भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए काशीवासी संकल्पबद्ध है.
इससे पहले बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मोदी कहता है- मैं देश नहीं झुकने दूंगा, कार्यकर्ता कहेगा- मैं बीजेपी का झंडा नहीं झुकने दूंगा, मोदी का जो होगा, वो गंगा मैया देख लेंगी, लेकिन मेरा पोलिंग बूथ का कार्यकर्ता नहीं हारना चाहिए. जब कोई गलत बात कहे तो उसे आप मोदी के खाते में जमा कर दो. मैं गंदी से गंदी चीजों से, कूड़े-कचरे से भी खाद बना देता हूं और उसी से ही कमल खिलाता हूं.
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल और केरल में कार्यकर्ता मां को बोलकर निकलते हैं कि मां मैं बीजेपी का काम करने के लिए जा रहा हूं, अगर शाम को जिंदा न आया तो छोटे भाई को भेज देना. बम, बंदूक और पिस्तौल के साए में बंगाल और केरल में हमारे कार्यकर्ता काम कर रहे हैं.
नामांकन से पहले पीएम मोदी ने कहा कि पीएम, सांसद और कार्यकर्ता के रूप में जिम्मेदारी निभा पा रहा हूं ये आपने मुझे सिखाया है. आज हमारी पार्टी बढ़ी है उसका कारण टीवी या अखबार नहीं बल्कि हम कार्यकर्ता हैं. जैसे रामजी के पास वानर सेना और कृष्ण जी के पास ग्वाले थे, वैसे ही भारत मां के हम सिपाही हैं!




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments