रायपुर। राजधानी के धरसीवां थाना इलाके में एक पिता ने अपने दो बच्चों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद को आग लगाकर जलाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पत्नी के मायके जाने से नाराज आरोपी ने देर रात इस घटना को अंजाम दिया। आरोपी लगभग 70 प्रतिशत जल चुका है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धरसीवां थाना प्रभारी नरेन्द्र बंछोर ने बताया कि घटना सड्डू इलाके की है। आरोपी शंकर निषाद की पत्नी तीजा मनाने मायके चली गई थी। शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात आरोपी घर पहुंचा। बच्चे खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे कि आरोपी ने बच्चों पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। छोटे बच्चे के गले में काफी ज्यादा चोटें आई हैं। वहीं दूसरा बच्चा भी घायल है। जान बचाकर बड़ा बेटा मदद के लिए पड़ोसियों को गुहार लगाई। पड़ोसी जब मदद के लिए घर के अंदर दाखिल हुए तब तक आरोपी खुद पर मिट्टीतेल डालकर आग लगा चुका था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी शंकर निषाद का शरीर लगभग 70 प्रतिशत जल चुका था, जिसे इलाज के लिए डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चों का भी इलाज जारी है। बड़े बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मामले में धारा 307, 309 के तहत अपराध कायम किया है।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments