नरेन्द्र कुमार वर्मा
( ब्यूरो चीफ, दिव्यदूत, नई दिल्ली )
नई दिल्ली 21//08//24// राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक 31 अगस्त से 2 सितंबर तक केरल के पालक्काड में आयोजित होगी। तीन दिवसीय इस अखिल भारतीय बैठक में संघ के विविध संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की यह बैठक सामान्यतः वर्ष में एक बार आयोजित की जाती है। पिछले वर्ष यह बैठक पुणे में संपन्न हुई थी।
इस बैठक को हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर, महाराष्ट्र एवं झारखंड के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में संघ के विविध संगठनों के कार्यकर्ता अपने-अपने कार्यों एवं अनुभवों की जानकारी का एक दूसरे संगठन के साथ आदान-प्रदान करेंगे। इस बैठक में राष्ट्रीय हित के विभिन्न विषयों के साथ ही पश्चिम बंगाल में हिंदूओं के खिलाफ होने वाली हिंसा एवं पडोसी देश बंग्लादेश में हिंदूओं पर हो रहे सुनियोजित हमलों पर भी चर्चा होने की संभावना है। देश के वर्तमान परिदृश्य, हाल ही में हुई महत्वपूर्ण घटनाओं और सामाजिक परिवर्तन के आयामों एवं योजनाओं के संदर्भ में भी बैठक में चर्चा होगी। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि सभी संगठन विविध विषयों पर परस्पर सहयोग तथा समन्वय को और अधिक बढ़ाने हेतु आवश्यक उपायों पर भी चर्चा करेंगे।

इस बैठक में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन जी भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित संघ के सभी छह सह सरकार्यवाह और अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी भाग लेंगे। बैठक में राष्ट्र सेविका समिति, वनवासी कल्याण आश्रम, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय किसान संघ, विद्या भारती, भारतीय मजदूर संघ सहित संघ के 32 विविध संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, संगठन मंत्री एवं प्रमुख पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। माना जा रहा हैं कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की इस महत्वपूर्ण वार्षिक बैठक के उपरांत ही भारतीय जनता पार्टी में अगले अध्यक्ष की नियुक्ति सुनिश्चित होगी।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments