Pawan Shaha सुकमा
माफिया के विरोध में ग्रामीण पहुंचे थाना, ठेकेदार पर रेत चोरी करने का लगाया आरोप
सुकमा 02/06/2024/// बीते लंबे अरसे से जिला प्रशासन के संरक्षण में चल रहे अवैध खनन को लेकर मामला अब संगीन होता जा रहा है। पिछले कुछ समय से सड़क निर्माण के नाम पर ठेकेदारों द्वारा लगातार अवैध खनन कर रेत,मिट्टी,मुरूम,गिट्टी जैसे भू संपदा का अवैध खनन कर परिवहन किया जा रहा है। जिसको रोकने में जिला प्रशासन अब तक नाकाम रहा है। जिसके चलते माफियाओं के विरोधियों को जान माल का खतरा झेलना पड़ रहा है।
बॉक्स - ठेकेदार द्वारा आदिवासियों पर जानलेवा हमला का आरोप - ऐसा ही एक मामला सुकमा जिले के केरलापाल ग्राम पंचायत से सामने निकल कर आया है। जिसमें अवैध खनन को रोकने पहुंचे आदिवासी ग्रामीणों पर गाड़ी से कुचलकर जान से मारने का प्रयास किए जाने का आरोप लगा है। केरलापाल मोडगुड़ा के कोया समाज के जोन अध्यक्ष रवा जोगा,ग्राम पटेल कमल वेट्टी व सोढ़ी जोगा ने आरोप लगाया है कि,सुकमा के रसूख ठेकेदार विनोद सिंह राठौड़ द्वारा बीते तीन चार दिनों से देर रात केरलापाल क्षेत्र से लगातार रेत चोरी कर अवैध खनन व परिवहन किया जा रहा है। इसके विरोध में जब ग्रामीण रेत खदान पहुंचे तब ठेकेदार विनोद राठौर के इशारे पर वाहन चालकों द्वारा आदिवासी युवाओं पर गाड़ी से कुचलने का जानलेवा हमला किया गया। लेकिन किसी तरह आदिवासी ग्रामीण अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसके बाद मामला सुबह केरलापाल थाना पहुंचा।

बॉक्स - थाना प्रभारी पर ग्राम पटेल से गाली गलौच का आरोप - ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि मामला पुलिस तक पहुंचाने के बाद केरलापाल थाना प्रभारी द्वारा ग्रामीणों को भी रेत चोरी करने की नसीहत दिया गया। इस दौरान गांव के ग्राम पटेल और थाना प्रभारी के बीच मामले को लेकर तीखी नोंक झोंक हुई। जिसमें थाना प्रभारी केरलापाल द्वारा ग्राम पटेल को अभद्र गाली गलौज करने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है,जिससे मामला और भी गंभीर हो गया। थानेदार द्वारा ग्राम पटेल के साथ अभद्रता के विरोध में ग्रामीण एकजुट होकर केरलापाल थाना पहुंचे और थानेदार के खिलाफ रोष व्यक्त की।
वर्जन - रवा जोगा - कोया समाज जोन अध्यक्ष - रवा जोगा ने बताया कि रात के तकरीबन 12 बजे गाड़ियों की आवाज आने लगी तो ग्राम पटेल समेत हम ग्रामीण नदी घाट तक गए जहां ठेकेदार विनोद राठौर द्वारा रेत खनन किया जा रहा था। मौके पर एक टिप्पर नदी किनारे था और कुछ गाड़िया ऊपर थी। हमने सभी गाड़ियों को रोकने का कोशिश किया पर ठेकेदार और उसके ड्राइवरों द्वारा चाबी छीन कर गाड़ी से हम सभी को कुचलने के प्रयास किया गया और वे सभी गाड़ी को लेकर भाग निकले। एक गाड़ी को रोकने में हम सफल हुए जिसे थाना लाया गया है पर थाना प्रभारी हमसे ही उल्टा गाली गलौज करने लगा है।
.jpg)
वर्जन - कमल वेट्टी - ग्राम पटेल - कमल ने बताया कि देर रात नदी घाट की ओर से गाड़ियों की आवाज आने लगी तो हम चार पांच ग्रामीण मौके पर गए तो वहां देखा कि ठेकेदार विनोद सिंह राठौर रात के अंधेरे में रेती निकाल रहा है। हमने उनसे पूछा कि बिना ग्रामीणों की इजाजत के कैसे रेत निकाल रहे हो तो उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी से बात कर के निकाल रहे हैं। जब हमने थाना प्रभारी से बात किया तो थाना प्रभारी ने गंदी गालियां दी और सुबह आने को कहा। सुबह कुछ पुलिस वालों को घर भेजकर हमे थाना बुलाया गया। जब हम थाने आए हैं तो वे थाने में मौजूद नही है। रात के ठेकेदार विनोद राठौर के ड्राइवरों ने मुझे और मेरे साथ के ग्रामीणों को कुचलने के प्रयास भी किया जैसे तैसे हमने अपनी जान बचाई है। इसके अलावा ठेकेदार विनोद राठौर का बेटा अनिकेत(चीकू) मुझे मौके पर आकर 50 हजार से 01 लाख रुपये देने का प्रलोभन भी दिया।
वर्जन - सोढ़ी जोगा - ग्रामीण सोढ़ी जोगा का कहना है की ठेकेदार विनोद राठौर बीते तीन दिनों से रेत का खनन कर रहा था। कल देर रात हम कुछ ग्रामीणों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो हमको ही गाड़ी से कुचलने का कोशिश किया। इसके अलावा थाना प्रभारी हमारे ग्राम पटेल से गाली गलौज करने लगा। सुबह हम सबको थाना बुलाया गया पर सुबह से ही थाना प्रभारी नही है। थाना प्रभारी रेत माफियाओं पर कार्रवाई करना छोड़ कर हम गरीब आदिवासियों पर कार्रवाई करने की धमकी दे रहे हैं।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments