महाधिवक्ता कार्यालय की वेबसाईट एवं मोबाईल एप का शुभारंभ
रायपुर, /// मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज
हाईकोर्ट परिसर बिलासपुर में आयोजित 50 वर्ष की विधि व्यवसाय की सेवा पूरी कर
चुके अधिवक्ताओं के सम्मान समारोह में पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ताओं को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति
चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री बघेल ने कहा कि पीड़ितों को न्याय
दिलाने में अधिवक्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। आप सभी का सम्मान करके मैं
खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मुझे बहुत खुशी हुई कि मुझे आपका सम्मान करने
का अवसर मिला। समारोह में पचास वर्ष की विधि व्यवसाय की सेवा कर चुके लगभग पचपन
वरिष्ठ अधिक्ताओं का सम्मान किया गया।
श्री बघेल ने कहा कि कोई पीड़ित कोर्ट
आता है तो उसकी बात मजबूती से रखने का काम अधिवक्ता ही करता है। अधिवक्ताओं की वजह
से पीड़ित के लिये न्याय प्रक्रिया सरल हो जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों को
सस्ता न्याय कैसे मिले इस पर विचार करने की आवश्यकता है। गरीब पीड़ितों को सस्ता और
सुलभ न्याय उपलब्ध हो सके इसके लिये भी कार्यशालाओं का आयोजन होना चाहिये।
इसके पहले मुख्यमंत्री श्री भूपेश
बघेल ने हाईकोर्ट परिसर स्थित महाधिवक्ता कार्यालय में द्वितीय एवं तृतीय तल के
निर्माण का शिलान्यास तथा महाधिवक्ता कार्यालय की वेबसाईट, मोबाईल एप का
लोकार्पण और समस्त नस्तियों एवं दस्तावेजों के डिजिटलाईजेशन का शुभारंभ किया।
उन्होंने महाधिवक्ता कार्यालय में सभाकक्ष एवं नवनिर्मित विधि अधिकारी कक्षों का
उद्घाटन भी किया।
न्यायाधीश श्री प्रशांत मिश्रा, न्यायाधीश श्री मनींद्र मोहन
श्रीवास्तव, मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू एवं श्री मोहम्मद अकबर ने वरिष्ठ
अधिवक्ताओं को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि महाधिवक्ता कार्यालय की वेबसाईट और
एप के शुरु होने से लोगों को प्रकरणों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। जिन विभागों
के प्रकरण हाईकोर्ट में चल रहे हैं वे भी ऑनलाईन जानकारी देख सकेंगे।
कार्यक्रम में न्यायाधीश श्री गौतम भादुड़ी, श्री संजय के.
अग्रवाल, श्री पी सैम कोशी,
श्री संजय अग्रवाल, श्री राजेंद्र सिंह, श्री शरद कुमार
गुप्ता, श्री रामकृष्ण शर्मा, श्री अरविंद सिंह चंदेल, श्री साहू, श्री गौतम चौरड़िया, श्रीमती विमला सिंह, श्रीमती रजनी दुबे, विधायक बिलासपुर
श्री शैलेष पांडे, विधायक तखतपुर श्रीमती रश्मि सिंह, अतिरिक्त महाधिवक्ता श्री आलोक बख्शी, प्रशासनिक अधिकारी
एवं अन्य अधिवक्तागण उपस्थित थे।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments