किसानों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण सभी जिलों में विशेष सेल गठित करने के निर्देश
रायपुर,/// कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने कहा है कि प्रदेश में अमानक खाद
की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए। किसानों को अच्छी गुणवत्ता के खाद और बीज
उपलब्ध कराएं। किसानों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए उन्होंने विशेष
सेल गठित करने के निर्देश भी दिए। श्री चौबे ने कहा कि सभी उपसंचालक कृषि कार्यालय
में ये सेल गठित किए जाए। वे आज नवा रायपुर के शिवनाथ भवन में कृषि विभाग की
योजनाओं की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में
खरीफ मौसम को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष अधिक मात्रा
में समितियों में खाद-बीज का भंडारण किया गया है। किसानों को खाद-बीज समय पर मिले
इसका अधिकारी विशेष ध्यान रखें। निजी विक्रेताओं के यहां बेचे जाने वाले खाद-बीज
की गुणवत्ता की नियमित रूप से जांच खरीफ मौसम में की जाए। उन्होंने उन्नत कृषि
यंत्रों पर दी जा रही अनुदान सहायता की जानकारी किसानों को देने और निर्धारित
लक्ष्य के अनुरूप वितरण सुनिश्चित करने कहा। किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार
के लिए नरवा,गरवा, घुरवा और बारी के विकास और संवर्धन पर बेहतर काम और विभागीय
योजनाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन अच्छी तरह से होना चाहिए। मैदानी स्तर
अधिकारी भ्रमण करें और किसानों को समसामयिक सलाह, जरूरी बीजोपचार और आधुनिक खेती की
तकनीकों की जानकारी दे।
कृषि उत्पादन आयुक्त श्री के.डी.पी.
राव ने विभागीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि
खरीफ मौसम में सजगता से कार्य करें। किसानों की दिक्कते दूर करने में कोताही बरतने
पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुराजी गांव योजना में अधिकारी मैदानी
स्तर पर जाकर गांव के लोगों को इस योजना से मिलने वाले फायदे के बारे में चर्चा
करें। बैठक में कृषि विभाग के सचिव श्री हेमंत पहारे, संचालक कृषि श्री
भीम सिंह, बीज विकास निगम के एम.डी. श्री जन्मेजय महोबे सहित संबंधित विभाग
के अधिकारी उपस्थित थे।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments