रायपुर, 30/ अगस्त 2022 /// राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से आज राजभवन में कान्सुल जनरल ऑफ जापान इन मुंबई डॉक्टर फुकाहोरी यसुकाटा ने सौजन्य मुलाकात की। राज्यपाल सुश्री उइके से डॉ. यसुकाटा ने छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न विषयों के बारे में जानकारी प्राप्त की और छत्तीसगढ़ तथा जापान के पारस्परिक हितों के संबंध में चर्चा की। राज्यपाल ने डॉ. यसुकाटा को छत्तीसगढ़ के बौद्ध धर्म से जुड़े स्थलों के बारे में जानकारी दी और कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। डॉ. यसुकाटा ने बताया कि जापान शिक्षा तथा स्वास्थ्य के उन्नयन के लिए जरूरी सहयोग करता है। छत्तीसगढ़ में भी उन्होंने इन क्षेत्रों में सहयोग की बात कही। डॉ. यसुकाटा ने जापान में उत्पादित की जाने वाली चावल की किस्मों के बारे में जानकारी दी और छत्तीसगढ़ में इसके उत्पादन के लिए सहयोग का आग्रह किया। राज्यपाल और डॉ. यसुकाटा के मध्य जापान के तकनीकी क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और नये अनुसंधानों के संबंध में चर्चा हुई। राज्यपाल ने यहां की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और उनके उन्नयन के लिए किए जा रहे प्रयासों के संबंध में जानकारी दी।
राज्यपाल सुश्री उइके ने छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा बेलमेटल से बनाई गई कलाकृति डॉ. यसुकाटा को भेंट की और शॉल देकर उन्हें सम्मानित किया।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments