आजादी के अमृत महोत्सव पर रायपुर में जेएसपी ने कराया वॉकेथन
एसएफएसएस के मंगलेश को प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये दिये गए
रायपुर, 10 जुलाई 2022 //// आजादी के अमृत महोत्सव पर जाने-माने उद्योगपति श्री नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली कंपनी जिन्दल स्टील एंड पावर (जेएसपी) के तत्वावधान में आज प्रातः मरीन ड्राइव से घड़ी चौक तक तीन किलोमीटर लंबी दूरी का वॉकेथन आयोजित किया गया। स्वास्थ्य के लिए सैर के अंतर्निहित उद्देश्य के साथ स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण करते हुए वॉकेथन के प्रतिभागियों ने राष्ट्र के प्रति सत्य-निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया। इस जनभागीदारी के साथ ही आजादी का अमृत महोत्सव यहां जन-उत्सव में परिवर्तित हो गया। सैर में प्रथम आने पर एसएफएसएस के मंगलेश को प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये दिये गए।
.jpg)
जिन्दल स्टील एंड पावर के रायपुर स्थित मशीनरी डिवीजन में आजादी का अमृत महोत्सव 4 जुलाई से मनाया जा रहा है, जो आज वॉकेथन के साथ समाप्त हुआ। पूरे एक सप्ताह चले इस समारोह में अनेक जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके तहत कल शनिवार को शक्ति नगर फेज-2 में पौधरोपण अभियान चलाया गया, जिससे एक नए उद्यान के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
आज वॉकेथन को हरी झंडी दिखाते हुए मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा ने कहा कि आज हम आजादी की 75वीं वर्षगांठ के रूप में जो अमृत महोत्सव मना रहे हैं, इसे पाने के लिए लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। भारी बलिदान के बाद हमें यह आजादी मिली है और आज इस अवसर पर हम उन स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण करते हैं और संकल्प लेते हैं कि देश की आजादी अक्षुण्ण रखने के लिए हम सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने स्वस्थ रहने का आह्वान किया और कहा कि जिस देश के नागरिक स्वस्थ रहेंगे, वह देश भी संपन्न और मजबूत रहेगा।
वॉकेथन में शहर के हजारों लोग शामिल हुए और देश की एकता, अखंडता और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments