नरेन्द्र कुमार वर्मा
छत्तीसगढ़ भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा की तरफ से मोर्चा संभाल रखा है। बृजमोहन अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश के रुहेलखंड इलाके के पीलीभीत अंचल में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में जमकर प्रचार किया। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की तरफ से बृजमोहन अग्रवाल को प्रदेश के ब्रजप्रांत एवं रुहेलखंड संभाग में सघन प्रचार अभियान की कमान सौंपी थी। श्रीअग्रवाल ने पीलीभीत जिले की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रबंधन की कमान संभाली और पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में गांव-गांव घूमकर प्रचार किया।

ब्रजप्रांत में प्रचार सघन प्रचार अभियान के दौरान उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पांच वर्षों में जो तरक्की की है वह बीते 70 वर्षों में नहीं हुई। प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था, रोजगार, किसानों को सुविधाएं, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास, हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, पुलिस एवं बेसिक स्कूलों में पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया को अंजाम देकर योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में विकास का पहिया नहीं थमने दिया। भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अयोध्या में भव्य भगवान श्रीराम मंदिर के मंदिर के निर्माण के बाद योगी सरकार आने वाले वर्षों में भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा का कायाकल्प करके करोड़ो हिंदूओं की आस्था को मजबूत करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के विकास की चर्चा अमेरिका के समाचार पत्रों में होती है। प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर के निर्माण एवं एक्सप्रेस-वे का जाल इस बात का गवाह है कि योगी आदित्यनाथ विकास के प्रति संकल्पित है। बृजमोहन अग्रवाल ने दावा किया कि प्रदेश में एकबार फिर भाजपा की सरकार का गठन होगा। योगी

आदित्यनाथ प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस केवल मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे है विकास से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है और प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों एवं योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की मुरीद है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व उत्तर प्रदेश में जहां भी उनकी ड्यूटी लगाएगा वह पूरी तत्परता के साथ पार्टी के उम्मीदवारों के प्रचार में जुट जाएंगे।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments