रायपुर, ///प्रभारी मुख्य
सचिव तथा अपर मुख्य सचिव श्री सी.के. खेतान द्वारा आज यहां मंत्रालय (महानदी भवन)
में 21 जून 2019 को आयोजित की जाने वाली पंचम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी की
समीक्षा की। बैठक में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अधिकारियों ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय
योग दिवस पर इस वर्ष लगभग 60 लाख लोगों को इस आयोजन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। गत वर्ष इस
आयोजन में 59 लाख 89 हजार 364 लोगों को सामूहिक योग प्रदर्शन से जोड़कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड
रिकार्ड दर्ज कराया गया था।
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण
विभाग, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, गृह विभाग, स्वास्थ्य
विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग सहित योग
आयोजन से जुड़े संबंधित विभाग के सचिवों से आयोजन के संबंध में चर्चा की गई तथा
संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। श्री खेतान ने कार्यक्रम
के आयोजन के लिए की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी ली।
समाज कल्याण विभाग के सचिव ने
बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम राजधानी रायपुर के
सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रातः 7 से 8 बजे तक किया जाएगा।
जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में
रायपुर शहर के विभागीय मंत्री,
विधायकगणों, उच्च
अधिकारियों, अन्य अतिविशिष्ट जन समूह और गणमान्य नागरिकों को भी शामिल होने के
लिए आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी
नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।
योग दिवस के सफल आयोजन के लिए गत
वर्ष की भांति राज्य एवं जिला स्तर पर सामान्य योग अभ्यासक्रम प्रशिक्षण का आयोजन
जिला कलेक्टर से समन्वय कर निर्धारित समय-सीमा में किया जाएगा। राज्य स्तर और जिला
स्तर पर प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। विकासखण्ड स्तर पर 15 से 16 जून, ग्राम पंचायत
स्तर पर 17 से 18 जून प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। योग दिवस के लिए
आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार पुस्तिका का प्रकाशन
करवाकर समय-सीमा में वितरित करने के संबंध में भी चर्चा की गई।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments