भाजपा सरकार 15 सालों में जितना धान खरीदती थी कांग्रेस सरकार उससे ज्यादा अभी तक खरीद चुका
रायपुर/22 जनवरी 2022। /// प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की मियाद एक सप्ताह बढ़ाने की घोषणा किये जाने का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किसान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार किसानों की सरकार है। किसानों का हित कांग्रेस सरकार की पहली प्राथमिकता है। किसानों के हित में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा लिये गए निर्णय से किसानों में हर्ष है। पहले 31 जनवरी तक धान ख़रीदी की तारीख़ तय की गई थी जो अब एक सप्ताह और बढ़ा दी गयी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राज में किसानों को किसी भी प्रकार की कोई चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। कांग्रेस की सरकार चौबीसों घंटे, हर स्थिति में किसानों के साथ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल केंद्र सरकार ने अड़ंगे के बावजूद किसानों का धान 2500 रुपये की दर से खरीद रहे हैं। सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफ किया गया। केंद्र सरकार प्रायोजित बारदाना संकट से मुकाबला करते हुए किसानों का दाना-दाना ख़रीद रहे हैं। बेमौसम बरसात के कारण धान खरीदी प्रभावित हुई तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी की समय सीमा बढ़ा दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि गोधन न्याय योजना के तहत किसानों, पशुपालकों को अतिरिक्त आर्थिक स्रोत उपलब्ध कराया गया है। जिसकी किश्त हर पंद्रह रोज में जारी की जा रही है। आज भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 2.76 करोड़ भुगतान की किश्त जारी की है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं जिससे किसानों के जीवन में खुशहाली आ रही है। अब किसान हित में धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों की चिंता दूर कर दी है।
प्रदेश कांग्रेस मोहन मरकाम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी धान खरीदी के बारे में कोरी बयानबाजी करना बंद करे। भाजपा ने 15 सालों तक जितना खरीदी करती थी उससे ज्यादा खरीदी भूपेश बघेल सरकार अभी तक कर चुकी है। अभी तक 81 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। किसानों के नाम पर राजनीतिक नौटंकी करने वाली भाजपा अब प्रधानमंत्री से कहे कि छत्तीसगढ़ का उसना चावल खरीदने तैयार हो ताकि प्राकृतिक विपदा के कारण भीगा हमारे किसानों का धान खरीदा जा सके। भीगे धान से उसना चावल आसानी से बन सकता है। यहां किसानों से झूठी हमदर्दी दिखाने वाले भाजपा नेता अपनी किसान विरोधी मोदी सरकार से छत्तीसगढ़ का उसना चावल ख़रीदवायें अन्यथा राजनीतिक स्वांग दिखाना बंद करें।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments