रायपुर, 22 जनवरी 2022 /// / पर्वतारोही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुश्री अमिता श्रीवास ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को फतह करने के बाद उन्होंने प्राचीन हिमालय के लद्दाख श्रेणी की 6 हजार 70 मीटर ऊंची बर्फीली यूटी कांगरी चोटी पर चढ़ाई की है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री उमेश पटेल ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी है। सुश्री अमिता जांजगीर-चांपा की निवासी है। माइनस 31 डिग्री तापमान में रोमांच और जोखिम से भरी कठिन चढ़ाई को पूरा के बाद छत्तीसगढ़ की बेटी का सपना एवरेस्ट फतह करने का है।
सुश्री अमिता की पर्वत चोटी पर यह चौथी बड़ी चढ़ाई थी। विवेकानंद माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट माउंट आबू से वर्ष 2018 में रॉक क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण लेने के बाद सबसे पहले उन्होंने 2019 में उत्तरी सिक्किम में व पश्चिमी सिक्किम के बड़े शिखरों पर विजय हासिल की थी। इसके बाद पिछले साल 2021 में 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने महिला सशक्तिकरण का मिशन लेकर अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर चढ़ने का रिकार्ड बनाया। तंजानिया स्थित किलिमंजारो की 5895 मीटर ऊंची चोटी पर पहुंचने के बाद उन्होंने ’गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ का भी संदेश भी दिया था।
सुश्री अमिता ने बताया कि यूटी कांगरी पर सफलता उनके एवरेस्ट मिशन की प्रारंभिक तैयारी का एक पायदान है। उनके इस मिशन में दिल्ली सहित तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, गुजरात, उत्तरप्रदेश, कर्नाटक राज्यों के 11 सदस्य थे। इसमें से 2 लोग पहले से ही एवरेस्ट की चढ़ाई कर चुके हैं।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments