******योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा, हमने यूपी के दलित, वंचित और शोषितों को 43 लाख आवास दिए. करीब 2.5 करोड़ शौचालय बनवाए. सपा और उसके साथ जाने वाले नेताओं ने सामाजिक न्याय नहीं सामाजिक शोषण किया है. *****
गोरखपुर: 14/01/2022/ //// उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा खेमे में हलचल मचाने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है. स्वामी प्रसाद मौर्य समेत कई विधायकों के इस्तीफे और भाजपा छोड़ समाजवादी पार्टी जॉइन करने पर बगैर किसी का नाम लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक चीज हमें ध्यान रखनी होगी कि वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति करने वाले सामाजिक न्याय की लड़ाई नहीं लड़ सकते.

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने 11 जनवरी को योगी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था. उनके पीछे-पीछे योगी सरकार के दो अन्य मंत्रियों दारा सिंह चौहान और धर्म सिंह सैनी ने भी इस्तीफा दे दिया था. इसके अलावा करीब आधा दर्जन विधायकों ने भी भाजपा से किनारा कर लिया था. इन सभी ने 14 जनवरी को स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी जॉइन कर लिया. इन सभी मंत्रियों और विधायकों का इस्तीफा मानों किसी एक ही व्यक्ति ने टाइप की हो. सबने अपने इस्तीफे में भाजपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया
मकर संक्रांति के मौके पर गोरखनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बारे में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ''एक चीज हमें ध्यान रखनी होगी कि वंशवाद और परिवार वाद की राजनीति करने वाले सामाजिक न्याय की लड़ाई नहीं लड़ सकते. भ्रष्टाचार जिनके जीन का हिस्सा है, वे सामाजिक न्याय की लड़ाई नहीं लड़ सकते. सामाजिक न्याय वही है जहां सबका सम्मान हो, किसी का भेदभाव न हो और सबको योजनाओं का लाभ मिले.'' उन्होंने भाजपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाने वाले इन दलबदलुओं को जवाब भी दिया.
योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा, हमने यूपी के दलित, वंचित और शोषितों को 43 लाख आवास दिए. करीब 2.5 करोड़ शौचालय बनवाए. सपा और उसके साथ जाने वाले नेताओं ने सामाजिक न्याय नहीं सामाजिक शोषण किया है. ये पेशेवर अपराधी हैं जो दलितों-शोषितों के ऊपर अत्याचार करते थे, उनकी संपत्तियों पर कब्जा करते थे, तब उन्हें दलितों की याद नहीं आती थी. हम तब विपक्ष में थे, तब भी उनके अधिकार की बात उठाते थे और आज भी हम दलितों, शोषितों के उत्थान के लिए सतत कार्य कर रहे हैं. हमने सबको जोड़ने का काम किया है और यही सामाजिक न्याय का मंत्र है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और यूपी सरकार ने बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ सभी तबकों को दिया है. आज उसी का परिणाम है 43 लाख गरीबों को के घर बने हैं. ढ़ाई करोड़ से ज्यादा शौचालय बने हैं, 1.43 करोड़ परिवारों को बिजली मिली है. कोरोना इस सदी की सबसे बड़ी महामारी है. हमारी सरकार ने कोरोना की मुफ्त जांच, मुफ्त उपचार, मुफ्त राशन की व्यवस्था की है. कोरोना वैक्सीन सबको फ्री लगाया जा रहा है. यह डबल इंजन की सरकार का डबल डोज है. यूपी भाजपा का कहना है कि जिनका टिकट कटना था, जिनके परिवार को टिकट नहीं मिल रहा था वे नया ठिकाना ढूंढ रहे हैं.




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments