चंडीगढ़ में स्कूल बंद, दिल्ली सरकार ने लिया बड़ा फैसला
भारत में भी कोरोना वायरस का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन धीरे-धीरे फैलता जा रहा है. शनिवार को ओमिक्रॉन से संक्रमित कुल 30 नए मरीज मिले हैं. चंडीगढ़ में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और दिल्ली सरकार ने भी ओमिक्रॉन को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है.
Omicron In India भारत में कल यानी शनिवार को कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रोन से संक्रमित 30 नए मामले सामने आए हैं, जिसमें से सबसे अधिक 12 मामले तेलंगाना में मिले हैं. इसके बाद महाराष्ट्र में आठ, कर्नाटक में छह और केरल में चार नए मामले भी मिले हैं. इस तरह से अबतक पूरे देश में ओमिक्रोन से संक्रमित मरीजों की संख्या 145 हो गई है. एक बड़ी बात ये है कि दिल्ली के बाद महाराष्ट्र में भी ओमिक्रोन के 28 संक्रमित अब स्वस्थ हो चुके हैं और उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है. ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने शनिवार को शहर के स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है तो वहीं दिल्ली सरकार भी ओमिक्रॉन को लेकर काफी सतर्कता बरत रही है और इसे लेकर कई कदम उठाए हैं
दिल्ली सरकार ने उठाया ये बड़ा कदम
ओमिक्रॉन को लेकर दिल्ली सरकार बहुत सतर्कता बरत रही है. दिल्ली सरकार ने शनिवार को बड़ा कदम उठाते हुए चार निजी अस्पतालों को Omicron समर्पित केंद्रों में तब्दील कर दिया है. इन चार अस्पतालों में सर गंगा राम अस्पताल, मैक्स (साकेत), फोर्टिस (वसंत कुंज) और बत्रा अस्पताल (तुगलकाबाद) शामिल हैं. अब लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) समेत दिल्ली के कुल पांच अस्पताल ओमिक्रोन के संक्रमितों को इलाज की सुविधा मुहैया कराएंगे. बता दें कि दिल्ली में ओमिक्रोन के कुल 22 मामले सामने आए हैं.
कोरोना मरीजों की संख्या में गिरावट जारी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले एक दिन में कोरोना वायरस से संक्रमित कुल 7,145 नए केस मिले हैं और 289 लोगों की जान गई है, जिनमें 243 मौतें सिर्फ केरल और 12 महाराष्ट्र में हुई हैं. वहीं नवी मुंबई में एक स्कूल के 16 छात्र एक साथ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं.




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments