नरेन्द्र कुमार वर्मा
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों से पूर्व देश की राजनीति में एक बार फिर मोहम्मद अली जिन्ना की एंट्री हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पाकिस्तान के निर्माता मोहम्मद अली जिन्ना को भारत की आजादी का नायक बताया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के इस बयान के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व कद्दावर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने उन्हें आड़े हाथों लिया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक रैली में देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार पटेल की तुलना पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना से करते हुए कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में जिन्ना का अहम योगदान था। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष के बयान को राजनीतिक तौर पर परिपक्व बताते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों में मुस्लिम मतों के तुष्टिकरण के लिए उन्होंने इस तरह का बयान बहुत सोच समझ कर दिया है। अग्रवाल ने कहा कि जिन व्यक्ति ने देश के बटवारें नींव रखी और लाखों बेगुनाह लोगों का कत्लोआम कराने का काम किया उस व्यक्ति को आजादी की लड़ाई का नायक बताने के पीछे अखिलेश यादव की छिपी मानसिकता उजागर हो चुकी है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भारत में इस तरह की तालिबानी मानसिकता नहीं चलने वाली। उत्तर प्रदेश में चार माह बाद विधानसभा चुनाव होने वाले है। प्रदेश में सभी राजनीतिक दल वोटबैंक के बटवारे को लेकर रस्साकसी में लगे है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अखिलेश यादव के बयान को एक सोची समझी रणनीति का हिस्सा बताते हुए कहा कि अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए अखिलेश यादव ऐसे व्यक्ति का महिमा मंड़न कर रहे हैं जिसके हाथ लाखों लोगों के खून से रंगे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। वह जिस तरह से तालिबानी विचारधारा को पोषण कर रहे है उससे साफ है कि वह विभाजनकारी राजनीति के हामी हैं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की राजनीतिक जमीन दरक रही है ऐसे में उन्हें समझ नहीं आ रहा कि क्या कदम उठाया जाए। अखिलेश यादव के इस बयान को भाजपा के नेताओं ने हाथों-हाथ लपक लिया है। ऐसे में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अखिलेश यादव से कहा हैं कि वह राष्ट्र से माफी मांगे। बृजमोहन अग्रवाल का कहना हैं कि अखिलेश यादव का यह बयान उन लाखों शहीदों का अपमान है जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहूति दे दी थी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को पूरी तरह से साफ कर देगी।




Copyright @ 2020 All Right Reserved | Powred by Divyadoot
Comments